देश में संक्रमण के 98,190 नए मामले, 1176 लोगों की मौत

देश में संक्रमण के 98,190 नए मामले, 1176 लोगों की मौत

देश में कोरोना संक्रमण के 98,190 नए मामले सामने आने से संक्रमितों का आंकड़ा 52 लाख से अधिक हो गया है। संक्रमितों की संख्या 52,02,223 हो गई है। वहीं 1176 और मौतों से मरने वालों की संख्या 84,297 हो गई है। जबकि 40,95,217 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा है कि जिन लोगों की कोरोना से मौत हुई है उनमें से करीब 70 फीसद लोग अन्य जटिल बीमारियों से जूझ रहे थे। देश में अब तक हुई कुल 83,198 मौतों में सर्वाधिक 30,883 मौतें महाराष्ट्र में दर्ज की गई हैं। इसके बाद तमिलनाडु में 8,599, कर्नाटक में 7,536, आंध्र प्रदेश में 5,105, दिल्ली में 4,839, उप्र में 4,690, बंगाल में 4123, गुजरात में 3,256, पंजाब में 2,592 और मध्य प्रदेश में 1,844 मौतें दर्ज की गईं। मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार देश में 51,18,253 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। 24 घंटों में 1,132 लोगों की मौत से इस बीमारी की चपेट में आकर दम तोड़ने वालों की संख्या 83,198 हो चुकी है। ठीक होने वालों की संख्या 40,25,079 हो गई है। देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 10,09,976 है। ICMR के अनुसार बुधवार को 11,36,613 नमूनों की जांच की गई। 16 सितंबर तक 6,05,65,728 नमूनों की जांच हो चुकी है। 24 घंटों में कोरोना से जिन 1,132 और मरीजों के दम तोड़ने की जानकारी मिली है उसमें सर्वाधिक 474 मौतें महाराष्ट्र में हुईं। इसके अलावा उप्र में 86, पंजाब में 78, आंध्र प्रदेश में 64, बंगाल में 61, तमिलनाडु में 57, कर्नाटक में 55 और दिल्ली में 33 मौतें दर्ज की गईं।

महाराष्ट्र में 180 दिन में मृतक संख्या 30 हजार के पार

महाराष्ट्र में छह माह पहले 17 मार्च को कोरोना से पहली मौत हुई थी। तबसे लेकर अब तक 30,883 लोगों की मौत हो चुकी है। इस तरह प्रतिदिन औसतन 172 लोगों ने कोरोना से दम तोड़ा। गुरुवार को राज्य में 24,619 नए मामले सामने आए। इन नए मामलों से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11,45,840 हो गई। इस तरह कुल मामलों में महाराष्ट्र रूस से आगे निकल गया जो कि वर्ल्डोमीटर की सूची में चौथे स्थान पर है। इस बीच राज्य में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए राज्य में 30 सितंबर तक के लिए निषेधाज्ञा बढ़ा दी गई है।

गुजरात में 1379 नए मामले सामने आए

गुरुवार को गुजरात में रिकार्ड 1,379 नए मामले दर्ज किए गए। इन नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 1,19,088 हो गई है। इस दौरान 14 मौतों के साथ राज्य में कोरोना से दम तोड़ने वालों की संख्या 3,273 हो गई है। इस बीच 1.652 लोग और स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं।