कोरोना के सक्रिय मामलों में छत्तीसगढ़ ने दिल्ली, बिहार समेत 25 राज्यों को पीछे छोड़ा..

कोरोना के सक्रिय मामलों में छत्तीसगढ़ ने दिल्ली, बिहार समेत 25 राज्यों को पीछे छोड़ा..

राज्य में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। कोरोना के सक्रिय केस के मामले में छत्तीसगढ़ ने दिल्ली, बिहार समेत देश के 25 राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। मृत्यु के मामले भी छत्तीसगढ़ में देश के 15 राज्यों से अधिक हैं। संक्रमण इतनी तेजी से फैल रहा है कि अस्पतालों में बिस्तर भरते जा रहे हैं, जो चिंता का विषय बन गया है।

31 जुलाई की स्थिति में प्रदेश में स्वस्थ होने की दर 67.77 और मृत्युदर 0.79 फीसद थी। कुल 9192 मरीजों में 2908 सक्रिय थे और 6230 लोग स्वस्थ हो चुके थे। एक महीने बाद दो सितंबर की स्थिति में स्वस्थ होने की दर 51.06 और मृत्युदर 0.83 प्रतिशत हो गई। 35 हजार 683 संक्रमितों में से 17164 सक्रिय हैं।

कुल 18220 स्वस्थ हुए हैं और 299 संक्रमितों की मौत हुई। राज्य में 23 अगस्त तक रोज एक हजार से कम संक्रमित मिल रहे थे, 24 अगस्त से एक हजार से अधिक मरीज मिलने लगे। अब प्रतिदिन संक्रमित मिलने का आंकड़ा दो हजार को भी पार कर गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अस्पतालों में बिस्तरों की कमी को देखते हुए संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

महाराष्ट्र में सर्वाधिक दो लाख दो हजार 48 सक्रिय मरीज

केंद्र के आंकड़ों के अनुसार बुधवार तक छत्तीसगढ़ के अलावा सबसे अधिक सक्रिय मरीज वाले राज्यों में महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, तमिलनाडु, ओडिशा, केरल, कर्नाटक शामिल हैं। महाराष्ट्र में सर्वाधिक दो लाख दो हजार 48 सक्रिय मरीज हैं। मौत के मामले में अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा- नगर हवेली, दमन, गोवा, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, पांडिचेरी, सिक्किम, त्रिपुरा, अंडमान-निकोबार, उत्तराखंड समेत 15 राज्यों में छत्तीसगढ़ आगे है

अस्पतालों में 11579 बिस्तरों की व्यवस्था

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 25 शासकीय कोरोना अस्पतालों में 3546, 39 जिला कोरोना केयर सेंटर में 6940 और 18 निजी अस्पतालों में 1054 मिलाकर कुल 11579 बिस्तरों की व्यवस्था अस्पतालों में है। साथ ही लगभग 10 हजार अस्थायी बिस्तरों की व्यवस्था होने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग दे रहा है। राज्य में 18220 सक्रिय मरीज हैं, स्थिति को देखते संभावना जताई जा रही कि दो-चार दिन में सारे बिस्तर भर जाएंगे।

राज्य - सक्रिय मरीज - 24 घंटे में सक्रिय

छत्तीसगढ़ - 17164 - 1631

बिहार - 17001 - 833

दिल्ली - 16502 - 632

गुजरात - 15913 - 205

पंजाब - 15629 - 220

झारखंड - 14677 - 579

मध्यप्रदेश - 14337 - 265

राजस्थान - 12919 - 1051

हरियाणा - 12622 - 737

जम्मू कश्मीर -8053 - 31

उत्तराखंड - 6442 - 400

त्रिपुरा - 5133 - 396

पांडिचेरी - 4936 - 85

गोवा - 4379 - 417

चंडीगढ़ - 2060 - 118

मणिपुर - 1871 - 32

हिमाचल प्रदेश - 1613 - 86

अरुणाचल प्रदेश - 1278 - 52

मेघालय - 1186 - 7

नागालैंड - 785 - 8

लद्दाख - 743 - 23

सिक्किम - 431 - 2

अंडमान - 381 - 19

मिजोरम - 359 - 49

दादरा - नगर हवेली और दमन - 292 - 30