Chhattisgarh: केंद्रीय राज्य मंत्री और महापौर संक्रमित, भाजपा नेता की मौत

Chhattisgarh: केंद्रीय राज्य मंत्री और महापौर संक्रमित, भाजपा नेता की मौत

प्रदेश के सरगुजा क्षेत्र से लोकसभा सदस्य और केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इधर बिरगांव नगर निगम की महापौर समेत 3450 संक्रमित, 773 मरीज स्वस्थ और राजधानी के जिला भाजपा उपाध्यक्ष समेत 15 लोगों की मौत हुई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार भाजपा जिला उपाध्यक्ष और शंकर नगर के पूर्व पार्षद रहे मनोज प्रजापति की रिपोर्ट 20 दिन पूर्व पॉजिटिव आने के बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। इलाज के बाद भी तबीयत में सुधार नहीं हो रहा था। इस बीच उन्होंने मंगलवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया। इधर बिरगांव की महापौर अंबिका यदु और उनके परिवार के सदस्यों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। राज्य में मिले 3450 संक्रमितों में सबसे अधिक रायपुर में 1015 मरीज मिले हैं। जबकि बिलासपुर में 232, राजनांदगांव में 223 समेत अन्य जिलों के मरीज शामिल हैं। 15 मौतों में 11 मरीजों को संक्रमण के साथ अन्य बीमारियां भी थी। जबकि चार मरीजों की मौत सिर्फ कोरोना की वजह से हुई है। इसमें रायपुर के 10, दुर्ग के दो, महासमुंद, बेमेतरा और रायगढ़ के एक-एक मरीज हैं।

मंत्री रेणुका एम्स दिल्ली में भर्ती

दिल्ली में मौजूद केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने ट्वीट कर बताया कि संसद सत्र में शामिल होने से पहले उन्होंने कोरोना टेस्ट कराया। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद एम्स दिल्ली में भर्ती हुईं हैं। उन्होंने संपर्क में आए सभी लोगों से आइसालेट होने और लक्षण नजर आने पर कोरोना जांच कराने की अपील की है। मंत्री रेणुका छत्तीसगढ़ भवन में ठहरी हुईं थी। यहां प्रदेश के अन्य सांसद भी मौजूद हैं।

कोरोना मीटर

नए - 3450

सक्रिय - 35951

स्वस्थ - 29922

कुल - 70777

मौत - 588

सैंपल जांच - 827074