*रक्षित केंद्र मोहला में वर्ष 2025-26 में शहीद हुए जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, कलेक्टर समेत एसपी रहे उपस्थित*
*पुलिस स्मृति दिवस पर रक्षित केंद्र मोहला में अमर जवान शहीद स्मारक ग्राउंड में अमर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि*
*वीरता, त्याग के साथ सर्वस्व न्योछावर कर सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों की सलामी देकर किया नमन।*
*वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय पी सिंह (भापुसे ) ने शहीद जवानों के नामों का किया वाचन, शोक शस्त्र के साथ शहीद परेड एवं सलामी देकर वीर सपूतों को दी श्रद्धांजलि।*
मोहला 21 अक्टूबर 2026/
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रक्षित केंद्र मोहला स्थित अमर जवान शहीद स्मारक ग्राउंड में गरिमामय एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। समारोह में देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले 154 वीर पुलिस जवानों का नाम वाचन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा किया गया, को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया गया। आयोजित शहीद स्मृति दिवस परेड द्वारा शोक शस्त्र मुद्रा में सर झुका कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए उनके बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहला मानपुर अं चौकी श्री वाय पी सिंह (भापुसे ) ने शहीद जवानों के नामवली का वाचन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने सम्बोधन में बताया की यह शहीद स्मृति दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग पोस्ट पर चीनी सेना से लड़ते हुए मातृभूमि की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले 10 वीर शहीदों के साहस, त्याग और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा को को अमर बनाये रखने पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवान सदैव हमारे प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनका सर्वोच्च बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को निष्ठा, साहस एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता रहेगा।

*शोक शस्त्र के साथ शहीद परेड, वीर जवानों को दी गई सलामी*
श्रद्धांजलि समारोह के दौरान परि.सूबेदार रोहन उरांव के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने शोक शस्त्र के साथ शहीद परेड कर वीर शहीदों को सलामी दी। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौन धारण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट की गई।

समारोह में 01 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 वीर पुलिस जवानों सहित जिले के शहीद जवानों को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उनके बलिदान को देश की सुरक्षा, शांति और नागरिकों की रक्षा के प्रति समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण बताया गया।
▪️ *शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीय भेंट कर जाना कुशलक्षेम, त्याग और बलिदान को किया नमन*
कार्यक्रम के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय पी सिंह , जिला कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम, सेनानी आई टी बी पी 27 वाहिनी श्रीमान बुद्धि प्रकाश बडाया ,एसडीएम शुभांगी गुप्ता, एसडीओपी मानपुर श्री विनोद कुमार मिंज, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय ) नेहा पवार, रक्षित निरीक्षक श्री भुनेश्वर कश्यप ने शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा संवाद के माध्यम से उनकी भावनाओं, समस्याओं एवं आवश्यकताओं को संवेदनशीलता से समझा। इस अवसर पर राष्ट्र की सुरक्षा एवं कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरा सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।

समारोह का संचालन रक्षित निरीक्षक श्री भुनेश्वर कश्यप एवं सउनि सुरेश सिंह बनाफर ने किया।
इस अवसर पर प्रभारी सायबर सेल निरीक्षक राजीव तिवारी , थाना मोहला प्रभारी निरीक्षक संदीप टोप्पो, थाना गोटाटोला प्रभारी निरीक्षक खोमन भंडारी, थाना खड़गांव प्रभारी निरीक्षक सुशील त्रिपाठी, थाना मानपुर प्रभारी उप निरीक्षक रविशंकर डहरिया, एवं जनप्रतिनिधिगण, शहीद जवानों के परिजन, समाजसेवी,वरिष्ठ नागरिक, मिडिया प्रतिनिधिगण,पुलिस अधिकारी- कर्मचारी एवं नागरिकगण उपस्थित रहे।

जिला मोहला मानपुर अं चौकी पुलिस वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को आत्मसात करने के लिए प्रतिबद्ध है। देश एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर वीरों का त्याग सदैव राष्ट्र की स्मृतियों में अमिट रहेगा।
“शहीदों के चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले,
वतन पर मरने वालों का यही बाकी निशां होगा...”
*विनम्र श्रद्धांजलि- मोहला मानपुर अं चौकी पुलिस*