*IG अजय कुमार यादव रहे जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के दौरे पर,किया वार्षिक निरीक्षण, यातायात कार्यालय का शुभारंभ*
*रक्षित केंद्र मोहला में आयोजित हुई वार्षिक निरीक्षण परेड, उत्कृष्ट वेशभूषा धारण करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए पुरस्कृत।*
*पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस दरबार में पुलिस महानिरीक्षक ने सुनी अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याएं एवं सुझाव।*
मोहला //20 नवंबर 2026//
पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज, अजय यादव (भापुसे) द्वारा दिनांक 20 नवंबर 2026 को जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिले की पुलिस व्यवस्था, कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों, कार्यालयीन अभिलेखों एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
वार्षिक निरीक्षण परेड का आयोजन एवं उत्कृष्ट जवानों का सम्मान
वार्षिक निरीक्षण के प्रथम चरण में रक्षित केंद्र मोहला स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य वार्षिक निरीक्षण परेड का आयोजन किया गया। पुलिस महानिरीक्षक महोदय के आगमन पर पुलिस अधीक्षक श्री वाय.पी. सिंह (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मानपुर श्री विनोद कुमार मिंज, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रीमती नेहा पवार एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंबागढ़ चौकी श्री नोहरलाल मंडावी द्वारा उनका स्वागत किया गया।
तत्पश्चात परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री भुवनेश्वर कश्यप के नेतृत्व में पुलिस जवानों द्वारा सलामी दी गई। पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उत्कृष्ट वेशभूषा एवं अनुशासित प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मार्चपास्ट के दौरान परेड कमांडर एवं प्लाटून कमांडरों द्वारा दाहिने देख की कार्यवाही के साथ सलामी दी गई।
पुलिस दरबार में सुनीं अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याएं

निरीक्षण के दौरान रक्षित केंद्र मोहला में जिले के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं, सुझावों एवं मांगों के निराकरण हेतु पुलिस दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री वाय.पी. सिंह (भापुसे) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज द्वारा पुष्पगुच्छ भेंटकर पुलिस महानिरीक्षक महोदय का स्वागत किया गया।
स्वागत उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक महोदय ने जिले की आधारभूत पुलिस अधोसंरचना, सीमित संसाधनों के बावजूद पुलिस द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों एवं शासकीय आवासों की कमी के कारण अधिकारी-कर्मचारियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया।
पुलिस महानिरीक्षक श्री अजय यादव ने नवगठित जिले में सीमित संसाधनों के बावजूद पुलिस द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए पुलिस अधीक्षक सहित जिले के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों की निष्ठा, कार्यकुशलता एवं समर्पण की सराहना की। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक निराकरण का आश्वासन दिया।
पुलिस दरबार को संबोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने कहा कि पुलिस विभाग की जनता के बीच सकारात्मक एवं उत्कृष्ट छवि बनाए रखने के लिए प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को निरंतर सजग, संवेदनशील एवं कर्तव्यनिष्ठ रहना आवश्यक है। उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए कहा कि उस कठिन समय में पुलिस द्वारा किए गए जनसेवा एवं सराहनीय कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा हुई थी। उन्होंने कहा कि आम जनता आज भी न्याय एवं सुरक्षा के लिए पुलिस पर सबसे अधिक विश्वास करती है। इस विश्वास को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने आचरण, व्यवहार एवं कार्यप्रणाली से जनता के विश्वास को मजबूत करना चाहिए तथा आम नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।
दरबार के समापन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज ने आभार व्यक्त करते हुए पुलिस महानिरीक्षक महोदय को आश्वस्त किया कि जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस उनके द्वारा दिए गए निर्देशों एवं मार्गदर्शन का पूर्णतः पालन करेगी तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की शिकायत का अवसर नहीं देगी।

पुलिस जिम्नेजियम एवं यातायात शाखा का उद्घाटन
पुलिस दरबार के पश्चात पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा रक्षित केंद्र मोहला में नवनिर्मित पुलिस जिम्नेजियम का उद्घाटन किया गया। आधुनिक सुविधाओं से युक्त जिम्नेजियम से पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं फिट रहने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इससे पुलिस बल में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा।
इसके पश्चात थाना मोहला परिसर में नवनिर्मित यातायात शाखा का उद्घाटन किया गया। इससे जिले में यातायात व्यवस्था के बेहतर संचालन, सड़क सुरक्षा एवं यातायात संबंधी कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में सुविधा मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं थाना मोहला का निरीक्षण

वार्षिक निरीक्षण के अगले चरण में पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय मोहला का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कार्यों, अभिलेखों एवं रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा की गई। कार्यालयीन व्यवस्थाएं एवं अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया।
इसके उपरांत थाना मोहला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना भवन की साफ-सफाई, शासकीय संपत्तियों के रखरखाव, अपराधों की जांच एवं विवेचना तथा विभिन्न अभिलेखों के संधारण की स्थिति का जायजा लिया गया। पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का निर्धारित समय-सीमा में पालन सुनिश्चित कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
निरीक्षण में जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं थाना प्रभारी रहे उपस्थित

उक्त वार्षिक निरीक्षण एवं पुलिस दरबार के दौरान अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मानपुर श्री विनोद कुमार मिंज, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रीमती नेहा पवार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंबागढ़ चौकी श्री नोहर सिंह मंडावी, रक्षित निरीक्षक श्री भुवनेश्वर कश्यप, थाना प्रभारी मोहला निरीक्षक श्री संदीप टोप्पो, थाना प्रभारी गोटाटोला निरीक्षक श्री खोमन भंडारी, थाना प्रभारी खड़गांव निरीक्षक श्री सुशील त्रिपाठी, थाना प्रभारी सीतागांव निरीक्षक श्री संजय यादव, थाना प्रभारी औंधी निरीक्षक श्री ईश्वर ध्रुव, थाना प्रभारी मानपुर उप निरीक्षक श्री रविशंकर डहरिया, थाना प्रभारी चिल्हाटी उप निरीक्षक श्री संजय मरावी, चौकी प्रभारी पाटनखास उप निरीक्षक श्री सुरेंद्र नेताम सहित प्रशिक्षु उप निरीक्षक एवं जिले के अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला पुलिस मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा पुलिस महानिरीक्षक महोदय के मार्गदर्शन एवं निर्देशों के अनुरूप पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, अनुशासित, जवाबदेह एवं जनहितैषी बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।