*खडगांव सारडा माइंस में हत्या या आत्महत्या,PM रिपोर्ट पर पूर्ण रूप से निर्भर यह कार्यवाही*

*खडगांव सारडा माइंस में हत्या या आत्महत्या,PM रिपोर्ट पर पूर्ण रूप से निर्भर यह कार्यवाही*

सारडा माइंस के लाल पानी में  मिला 42 वर्षीय अर्जुन उसारे का शव,

 

मोहला खड़गांव, 24 अक्टूबर 2026

जिले मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के अंतर्गत आने वाले नवीन तहसील खड़गांव क्षेत्र में संचालित सारडा एनर्जी मिनरल्स पल्लेमाड़ी लौह अयस्क माइंस परिसर क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय अर्जुन उसारे, जक्के के रूप में हुई है, जो बीते पांच दिनो अर्थात सोमवार से लापता था। कई दिनों तक तलाश करने के बाद उसका शव माइंस परिसर में स्थित लाल गंदे पानी के सोक पिट क्षेत्र में मिला, जहां माइंस का गंदा पानी एकत्रित किया जाता है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

*खेत की ओर जाने के बाद लापता हुआ था अर्जुन*

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुन उसारे कई वर्षों तक शारडा माइंस में काम कर चुका था। करीब एक साल पहले उसने नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वह अपने ससुराल कोहका में रह रहा था और एबिस पोल्ट्री में काम के तलाश में था।

बताया जा रहा है कि बीते रविवार को अर्जुन अपने एक साथी के साथ अपने मूल गांव जक्के पहुंचा था। इसके अगले दिन, सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे वह अपने खेत की ओर जाने के लिए घर से निकला, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को उसकी चिंता होने लगी और उसकी तलाश शुरू की गई।

*ग्रामीणों ने जंगल और नदी-नालों में की तलाश*

अर्जुन के लापता होने के बाद परिजन और ग्रामीण उसकी खोजबीन में जुट गए। गांव के सरपंच अजीत बोगा के अनुसार, बुधवार को ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से तलाश अभियान चलाया। इसके तहत गांव के प्रत्येक घर से एक सदस्य निकला और जंगलों, नदी-नालों सहित आसपास के क्षेत्रों में अर्जुन की तलाश की गई।

लगातार खोजबीन के दौरान गुरुवार को सारडा एनर्जी पल्लेमाड़ी माइंस परिसर के वाटर सोक पिट में एक शव दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अर्जुन उसारे के रूप में की।

*खडगांव पुलिस ने शुरू की जांच, फोरेंसिक टीम भी पहुंची घटनास्थल पर जुटाए गए साक्ष्य*

मामले में थाना प्रभारी सुशील त्रिपाठी ने शव मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक सोमवार को खेत की ओर जाने के बाद लापता हो गया था। मृतक कभी-कभी अपने आप में बड़बड़ाता था। वह खेत की ओर से माइंस परिसर तक कैसे पहुंचा, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।

थाना प्रभारी के अनुसार, शव माइंस परिसर में जमा गंदे पानी में मिला है। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्रारंभिक तौर पर शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट के निशान दिखाई नहीं दिए हैं। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों को लेकर अभी कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

अर्जुन उसारे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। वह खेत की ओर जाने के बाद माइंस परिसर के वाटर शोक पिट तक कैसे पहुंचा और उसकी मृत्यु किन कारणों से हुई, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मिलने के बाद ही मृत्यु के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।