*VB-जी राम जी योजना के तहत माडिग पिडिंग धेनु में जन जागरूकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन*
*माड़िंग पेंडिंग धेनु में वार्षिक मेले में वीबी-जीराम जी मिशन पर विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
*लोगों ने दिखाई रुचि, योजना के संबंध में ली जानकारी*
मोहला
ग्राम पंचायत माड़िंग पेंडिंग धेनु में आयोजित वार्षिक मेले के अवसर पर रोज़गार एवं आवास दिवस के तहत शासन की महत्वाकांक्षी योजना वीबी-जीराम जी (विकसित भारत – जी राम जी / विकसित भारत ग्राम गारंटी मिशन) एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक एवं जनसंवाद के माध्यम से ग्रामीणों को वीबी-जीराम जी मिशन के उद्देश्यों, प्रावधानों एवं लाभों की सरल और प्रभावी जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि इस मिशन के अंतर्गत 125 दिवस का रोजगार, ग्राम स्तर पर विकास कार्यों की योजनाबद्ध रूपरेखा, पारदर्शी क्रियान्वयन तथा जनभागीदारी को विशेष महत्व दिया गया है। विकसित भारत-जी राम जी मिशन के तहत गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण, महिलाओं एवं युवाओं का आर्थिक सशक्तिकरण, केंद्र एवं राज्य सरकार के सहयोग से मजबूत वित्तीय ढांचा, गांवों को आत्मनिर्भर बनाने का स्पष्ट रोडमैप, रोजगार के साथ कौशल विकास तथा ग्राम पंचायतों को सशक्त अधिकार प्रदान किए जा रहे हैं।
सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर ने ग्रामीणों को बताया कि मिशन के अंतर्गत कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, भंडारण, विपणन, कौशल विकास केंद्र तथा सर्कुलर इकोनॉमी मॉडल से जुड़ी उत्पादक परिसंपत्तियों के विकास पर विशेष फोकस किया जा रहा है, जिससे गांवों में स्थायी रोजगार एवं आजीविका के अवसर सृजित हो सकें। रोज़गार एवं आवास दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आवास निर्माण हेतु ऋण सुविधा की जानकारी देते हुए बैंक एवं आजीविका मिशन के माध्यम से लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके अतिरिक्त स्वच्छता मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि वीबी-जीराम जी मिशन के अंतर्गत जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन एवं ग्रामीण अधोसंरचना विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जल संरक्षण एवं जल संवर्धन कार्यों जैसे जल संग्रहण संरचनाएं, तालाब, डबरी, चेकडैम, रिचार्ज संरचनाएं एवं वर्षा जल संरक्षण से संबंधित कार्यों के माध्यम से जल उपलब्धता बढ़ाने पर विशेष महत्व दिया गया।
*- सीईओ के छत्तीसगढ़ी संबोधन से ग्रामीणों में उत्साह*
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती चंद्राकर द्वारा छत्तीसगढ़ी भाषा में आत्मीय संबोधन दिया गया। उनके सरल, सहज एवं स्थानीय भाषा में किए गए संवाद से ग्रामीण अत्यंत उत्साहित नजर आए। इस संबोधन से ग्रामीणों में शासन की योजनाओं के प्रति विश्वास एवं जुड़ाव और अधिक मजबूत हुआ, जिससे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।
*सूचना पुस्तिकाओं का वितरण कर दी गई जानकारी*
मेले के दौरान सूचना पुस्तिकाओं का वितरण कर वीबी-जीराम जी मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों, पात्रता एवं लाभों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत खुले में शौच मुक्त गांव, स्वच्छता अपनाने एवं कचरा प्रबंधन के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक, जन-जागरूकता गतिविधियों एवं संवादात्मक कार्यक्रमों के चलते मेले में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए वीबी-जीराम जी मिशन की जानकारियों में गहरी रुचि दिखाई।