*सर्विस-ऑन-व्हील वाहन को हरी झंडी दिखाकर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कलेक्टर ने किया रवाना*
*जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने ‘सर्विस ऑन व्हील्स’ सेवा रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*
*09 से 28 फरवरी तक क्लस्टर स्तरीय शिविरों के माध्यम से घर-पहुंच मिलेंगी विभिन्न विभागों की शासकीय सेवाएँ*
मोहला
जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित “सर्विस ऑन व्हील्स–दिव्यांगजन एवं वृद्धजन सेवा रथ” का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट परिसर मोहला से जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह एवं कलेक्टर तुलिका प्रजापति द्वारा सेवा रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर जी.आर. मरकाम, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
यह अभियान दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को घर-पहुंच शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ किया गया है। अभियान के प्रथम चरण में ग्राम पंचायत मानपुर, औंधी एवं सरखेड़ा में क्लस्टर स्तरीय शिविरों का आयोजन किया गया, जहाँ पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर के दौरान घर-पहुंच सेवा की सुविधा से विशेष रूप से उन दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को राहत मिली, जिनके लिए शारीरिक असुविधा अथवा अन्य कारणों से दूरस्थ स्थानों तक पहुँचना कठिन था। सेवा रथ के माध्यम से योजनाओं का लाभ निकट स्तर पर उपलब्ध कराए जाने से हितग्राहियों में उत्साह एवं संतोष देखा गया। लाभार्थियों ने बताया कि अब उन्हें योजनाओं का लाभ लेने हेतु दूर नहीं जाना पड़ रहा है और विभिन्न विभागों की सेवाएँ एक ही स्थान पर प्राप्त हो रही हैं। प्रथम चरण के शिविर में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ दर्ज की गईं। दिव्यांगजनों हेतु यूडीआईडी (UDID) कार्ड निर्माण के लिए 10 आवेदन प्राप्त हुए। 14 हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए तथा 14 हितग्राहियों की आधार सीडिंग की गई। वयो वंदन योजना के अंतर्गत 4 वृद्धजनों का पंजीयन किया गया। वहीं श्रम विभाग द्वारा 8 श्रम पंजीयन संपादित किए गए। इसके अतिरिक्त दिव्यांगजनों के लिए कौशल प्रशिक्षण हेतु 4 आवेदन प्राप्त हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राहियों की सहभागिता रही। जिला प्रशासन ने बताया कि आगामी चरणों में यह अभियान अन्य ग्राम पंचायतों में भी संचालित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन एवं वृद्धजन शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
*- इन तिथियों में यहाँ लगेंगे क्लस्टर स्तरीय शिविर*
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड मानपुर में 09 से 14 फरवरी, विकासखंड मोहला में 16 से 21 फरवरी तथा विकासखंड अंबागढ़ चौकी में 23 से 28 फरवरी 2026 तक क्लस्टर स्तरीय शिविर आयोजित किए जाएंगे।