*नीट परीक्षा लीक मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला मुख्यालय मोहला में किया विरोध प्रदर्शन*
*NEET पेपर लीक मामले में कांग्रेस पार्टी ने जिला मुख्यालय मोहला में किया उग्र विरोध प्रदर्शन*
*शिक्षा मंत्री व प्रधानमंत्री का किया पुतला दहन*
मोहला–
NEET पेपर लीक मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर दोनों के इस्तीफे की मांग की।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पुतला दहन को लेकर जमकर नोक-झोंक भी हुई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि NEET के प्रश्नपत्र में हुई त्रुटियों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की ।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। साथ ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी पर भी सवाल उठाए, उनका कहना था कि विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है, और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है।पुतला दहन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। हालांकि स्थिति को पुलिस ने समझाइश देकर नियंत्रित किया और बाद में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। उक्त कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मोहला मानपुर इंद्र शाह मांडवी , जिला अध्यक्ष सुरजीत सिंह राजपूत, जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री कन्हैया सिंह राजपूत , मिर्जा नूर खान, दिनेश साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष मानपुर दिनेश शाह मांडवी, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अजय राजपूत,एनएसयूआई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे