*MP संतोष पांडे ने जिला पंचायत निर्माण हेतु किया भूमि पूजन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित*
*संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में होगा निर्माण*
मोहला
जिले में प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज सांसद संतोष पाण्डेय ने संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में प्रस्तावित जिला पंचायत भवन का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मोहला-मानपुर विधायक इंन्द्र शाह माण्डवी, खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दिनेश शाह, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत सदस्यगण, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, सीईओ जिला पंचायत भारती चन्द्राकर, डीएफओ दिनेश पटेल, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
सांसद पाण्डेय ने कहा कि जिला पंचायत भवन के निर्माण से न केवल प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी, बल्कि आम नागरिकों को भी एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को प्राथमिकता देते हुए आधारभूत संरचनाओं को मजबूत किया जा रहा है, जिससे आमजन को योजनाओं का लाभ सरलता से मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह भवन जिले के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध होगा। सांसद ने निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।

इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भवन निर्माण से जुड़ी रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित जिला पंचायत भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जहां विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्यों का निष्पादन किया जाएगा। इससे ग्रामीण विकास योजनाओं का क्रियान्वयन और अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।