*नक्शलमुक्त क्षेत्र के बच्चों ने देखा पहली बार जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस, विश्वास योजना से लाभान्वित हुए छात्र*
*ऑपरेशन विश्वास : नक्सलमुक्त क्षेत्रों के बच्चों ने पहली बार देखा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह, पुलिस की विभागीय कार्यप्रणाली से हुआ आमना सामना*
मोहला-, 15 अगस्त 2026।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पुलिस द्वारा “ऑपरेशन विश्वास” के तहत पूर्व नक्सल प्रभावित एवं वर्तमान में नक्सलमुक्त हो चुके दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूली बच्चों को जिला मुख्यालय मोहला आमंत्रित किया गया। बच्चों ने परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं भव्य परेड का प्रत्यक्ष अवलोकन किया तथा पुलिस की कार्यप्रणाली एवं जनसेवा के विभिन्न पहलुओं को करीब से देखा और जाना।

*राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने किया ध्वजारोहण, स्कूली बच्चों से की मुलाकात*
स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर जिला कलेक्टर तूलिका प्रजापति (IAS), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह (IPS), जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*पुलिस की कार्यप्रणाली और साइबर सुरक्षा से हुए परिचित*

बच्चों को पुलिस विभाग के विभिन्न स्टॉल के माध्यम से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, डायल-112, कंट्रोल रूम, साइबर अपराध से बचाव एवं आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए पुलिस की जनसेवा एवं सुरक्षा भूमिका से अवगत कराया।
“ *जागरूकता की एक सेल्फी” बनी आकर्षण का केंद्र*
कार्यक्रम में बच्चों ने “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” सेल्फी प्वाइंट पर उत्साहपूर्वक सेल्फी ली। बच्चों ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ सेल्फी लेकर पुलिस के प्रति अपने विश्वास एवं अपनत्व को भी व्यक्त किया। यह पहल बच्चों एवं पुलिस के बीच संवाद और सकारात्मक संबंधों को मजबूत करने वाली रही।

*शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रनिर्माण से जोड़ने की पहल*
“ऑपरेशन विश्वास” का उद्देश्य पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की नई पीढ़ी को भय एवं नकारात्मकता से दूर रखते हुए शिक्षा, विकास, संस्कृति, राष्ट्रवाद एवं सकारात्मक सोच की मुख्यधारा से जोड़ना है।