*वासडी एवं भोजटोला धान खरीदी केंद्र में पूजा अर्चना कर जिला पंचायत अध्यक्ष ने किसानों का किया स्वागत*

*वासडी एवं भोजटोला धान खरीदी केंद्र में पूजा अर्चना कर जिला पंचायत अध्यक्ष ने किसानों का किया स्वागत*

*ग्राम वासड़ी एवं भोजटोला में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ, जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने किया किसानों का स्वागत-अभिनंदन* 

मोहला //15 नवंबर 2026//

 मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मोहला विकासखंड अंतर्गत ग्राम वासड़ी एवं भोजटोला में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना की अध्यक्ष नम्रता सिंह ने अन्नदाता किसानों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। साथ ही छत्तीसगढ़ महतारी की विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया।

धान खरीदी के शुभारंभ के साथ ही दोनों गांवों के उपार्जन केंद्रों में किसानों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। किसानों ने अपनी मेहनत और परिश्रम से उपजाई धान की फसल समर्थन मूल्य पर विक्रय की। इस अवसर पर किसानों को धान खरीदी की शुभकामनाएं देते हुए उनके परिश्रम और कृषि क्षेत्र में योगदान की सराहना की गई।

 *मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों को मिल रहा आर्थिक संबल* 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और अन्नदाताओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है। राज्य सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदी तथा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के माध्यम से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ सुनिश्चित करने की व्यवस्था की है।

इसी क्रम में कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पात्र धान उत्पादक किसानों को सत्यापित धान के रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि देने का प्रावधान किया गया है। इस वर्ष की व्यवस्था में निर्धारित अधिकतम मात्रा से कम धान विक्रय करने पर भी पात्र किसानों को उनके सत्यापित रकबे के अनुसार पूरी सहायता राशि प्राप्त हो सकेगी। यह पहल किसानों को उनकी मेहनत का उचित आर्थिक लाभ दिलाने और खेती-किसानी को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

नम्रता सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन की मजबूती में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और कृषि क्षेत्र को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। धान खरीदी की यह व्यवस्था किसानों के जीवन में आर्थिक खुशहाली लाने के साथ ही विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने सभी किसान भाइयों को खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके सुख-समृद्धि और खुशहाल भविष्य की कामना की।