*जिला पंचायत कार्यालय मोहला में कृषक उन्नति योजना कार्यक्रम का किया गया आयोजन, किसानों को मिली फसल की शेष धनराशि*
*मुख्यमंत्री ने होली से पूर्व किसानों को दी बड़ी सौगात*
*कृषक उन्नति योजना: जिले के 40,516 किसानों के बैंक खाते में अंतरित हुई 14 हजार 563 लाख 6 हजार रुपए*
*किसानों ने जताया आभार, कहा-मुख्यमंत्री ने निभाया वादा*
मोहला
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के किसानों को होली से पूर्व बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बिलासपुर जिला के विकासखंड बिल्हा अंतर्गत ग्राम रहंगी में आयोजित कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं वृहद किसान सम्मेलन में शामिल होकर प्रदेश के 25 लाख 28 हजार किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की। जिसमें जिले के 40 हजार 516 किसानों के खातों में 14 हजार 563 लाख 06 हजार रुपए की सौगात मिली हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन किसान भाइयों के सम्मान का दिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान की कीमत का वादा धरातल पर उतर चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा, हमने वादा किया था कि किसान भाई होली का त्योहार धूमधाम से मना सकें, इसलिए त्योहार से पहले यह राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष न तो बारदाने की कमी हुई और न ही भुगतान में देरी।
जिला पंचायत मोहला में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने कहा कि आज आदान सहायता राशि वितरण समारोह अन्नदाता किसानों का सम्मान है। होली से पूर्व राशि के वितरण से होली पर्व का हर्ष उल्लास दुगुना हो जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री साय का आभार व्यक्त करते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य नरसिंह भंडारी, जिला पंचायत सदस्य सुशीला भंडारी, जिला पंचायत सदस्य लखन लाल कलामे, जिला पंचायत सदस्य शांति बाई त्रिपुरे, जिला पंचायत सदस्य शेशवरी धुर्वे, जिला पंचायत सदस्य सविता तिलक सोरी, जनपद सदस्य मोहला गैन्दकुवर ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य मोहला सीता कोमरे, जनपद सदस्य अनिता जयसवाल, जनप्रतिनिधि अनिल गुप्ता, ख़ोरबहार यादव, सीईओ जिला पंचायत भारती चंद्राकर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं किसान वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
उल्लेखनीय है कि जिले में कुल 19 समितियों के 27 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 40 हजार 516 किसानों ने 62 हजार 440.450 हेक्टेयर रकबे से धान विक्रय किया। कुल 20 लाख 23 हजार 933.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई। धान खरीदी की कुल राशि 4 अरब 81 करोड़ 78 लाख 87 हजार 206 रुपये का भुगतान न्यूनतम समर्थन मूल्य दर पर पूर्व में ही किया जा चुका है। इसके पश्चात आज इन किसानों के खातों में कुल 14 हजार 563 लाख 6 हजार रुपए की अंतर राशि अंतरित की गई।
*- विकासखंडवार इतने किसान हुए लाभान्वित*
विकासखंड मोहला में 12,836 किसानों से 21001.620 हेक्टेयर रकबे का 622218.00 क्विंटल धान खरीदा गया। यहां 14816.77 लाख रुपये की राशि तथा 4471.99 लाख रुपये की अंतर राशि वितरित की गई। इसी प्रकार विकासखंड मानपुर में 10892 किसानों से 18218.780 हेक्टेयर रकबे का 617952.00 क्विंटल धान उपार्जित किया गया। यहां 14715.14 लाख रुपये की राशि एवं 4441.37 लाख रुपये की अंतर राशि प्रदान की गई तथा अंबागढ़ चौकी विकासखंड में 16788 किसानों से 23220.050 हेक्टेयर रकबे का 783763.20 क्विंटल धान खरीदा गया। यहां 18646.97 लाख रुपये की राशि तथा 5649.69 लाख रुपये की अंतर राशि वितरित की गई।