*आदिम जाति कल्याण विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह सख्त, कोसमी छात्रावास निरीक्षण के दौरान देखी कई खामियां**

*आदिम जाति कल्याण विभाग की व्यवस्थाओं को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह सख्त, कोसमी छात्रावास निरीक्षण के दौरान देखी कई खामियां**

*नम्रता सिंह ने कोसमी छात्रावास का किया औचक निरीक्षण, बच्चों से जानी समस्याएं; व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के दिए निर्देश* 

मोहला//22 नवंबर 2026//

जिला पंचायत अध्यक्ष एवं एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना की अध्यक्ष नम्रता सिंह ने आज मानपुर विकासखंड के दौरे पर रहने की जानकारी प्राप्त हई । जिसमें प्रमुख रूप से मानपुर विकासखंड केअतर्गत आने ग्राम कोसमी स्थित प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में निवासरत बच्चों से मुलाकात कर उनकी पढ़ाई-लिखाई, रहन-सहन, भोजन एवं छात्रावास में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान नम्रता सिंह ने बच्चों के साथ बातचीत की और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया। बच्चों से चर्चा के दौरान छात्रावास की व्यवस्थाओं एवं अधीक्षक की कार्यप्रणाली को लेकर कुछ अव्यवस्थाओं की जानकारी सामने आई। इस पर नम्रता सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग से दूरभाष पर चर्चा की और छात्रावास की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने छात्रावास अधीक्षक को भी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, बच्चों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने तथा छात्रावास में अनुशासन एवं सुविधाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

नम्रता सिंह ने कहा कि छात्रावास में रहकर शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चे हमारे समाज और क्षेत्र का भविष्य हैं। उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बच्चों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनजातीय एवं ग्रामीण अंचलों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। शासन की मंशा के अनुरूप छात्रावासों का संचालन बेहतर ढंग से हो तथा योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के बच्चों तक पहुंचे, इसके लिए समय-समय पर निरीक्षण और व्यवस्थाओं की समीक्षा आवश्यक है।

नम्रता सिंह ने स्पष्ट किया कि बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य से जुड़े विषयों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। छात्रावासों में रहने वाले बच्चों को घर जैसा सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण मिले, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रेखा कोठारी, भाजपा जिला मंत्री मानसिंह टेकाम, भाजपा मंडल महामंत्री घनश्याम कड़ीयाम सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे। नम्रता सिंह ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है।