कोरोना को लेकर अच्‍छी खबर, पहली बार एक दिन में करीब एक लाख मरीज हुए ठीक..

कोरोना को लेकर अच्‍छी खबर, पहली बार एक दिन में करीब एक लाख मरीज हुए ठीक..

देश में दिनों दिन बढ़ते कोरोना संकट के बीच एक अच्‍छी खबर सामने आई है। संक्रमण के साथ स्‍वस्‍थ होने का भी आंकड़ा बढ़ा है। देश में पहली बार एक दिन में करीब एक लाख कोरोना के मरीज ठीक हुए हैं। इसके साथ ही कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या 42 लाख के करीब पहुंच गई है। इस दौरान 91 हजार से अधिक नए मामले भी सामने आए हैं और कुल संक्रमितों का आंकड़ा भी लगभग 53 लाख हो गया है। महामारी ने अब तक 85 हजार से अधिक लोगों की जान भी ले ली है। राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से शुक्रवार रात नौ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार देर रात से अब तक 91,236 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या 52 लाख 93 हजार से अधिक हो गई है। इस दौरान 98,910 मरीज ठीक भी हुए हैं और अब तक स्वस्थ हुए लोगों का आंकड़ा 41.94 लाख हो गया है।

महामारी के चलते और 1,223 लोगों की मौत हो गई है और मृतकों की संख्या 85,520 पर पहुंच गई है। पांच राज्यों में सबसे अधिक सक्रिय मामले और ठीक हुए मरीज स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश के पाचं राज्यों महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक सक्रिय मामले हैं।

महाराष्ट्र में 21 हजार से अधिक केस, 405 मौतें

महाराष्ट्र में कोरोना से हालात सुधर नहीं रहे हैं। राज्य में 21,656 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 11.67 लाख से अधिक हो गया है। 405 लोगों की मौत भी हुई है। अब तक राज्य में 31,791 लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि, 22 हजार से अधिक मरीज ठीक भी हुए हैं और कोरोना को मात दे चुके लोगों की संख्या 8.34 लाख से अधिक हो गई है। सक्रिय मामले तीन लाख से कुछ ही अधिक हैं।

गुजरात, दिल्‍ली, यूपी का यह है हाल

उत्तर प्रदेश में 6,584 नए केस मिले हैं और 90 लोगों की जान गई है। राज्य में अब तक 3.42 लाख संक्रमित मिल चुके हैं और 4,869 लोगों की जान भी जा चुकी है। गुजरात में नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। राज्य में बीते चौबीस घंटों के दौरान रिकॉर्ड 1,410 नए केस सामने आए हैं और मरीजों की संख्या बढ़कर 1.20 लाख को पार कर गई है। 16 नई मौतों के साथ मरने वालों का आंकड़ा भी 3,287 पर पहुंच गया है। राजधानी दिल्ली में लगातार चार हजार से अधिक नए केस मिलने का सिलसिला जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में और 4,127 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 2.38 लाख को पार कर गया है। 30 लोगों की मौत भी हुई है और मरने वालों की संख्या पांच हजार के करीब पहुंच गया है।