अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जनपद पंचायत मोहला में सम्मान समारोह का किया गया आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जनपद पंचायत मोहला में सम्मान समारोह का किया गया आयोजन

*-  जनपद पंचायत मोहला में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धजनों को सम्मानित किया गया*

        मोहला 

 जनपद पंचायत मोहला के सभा कक्ष में वृद्धजनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके अधिकारों की रक्षा करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री एस जयवर्धन की उपस्थिति में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया। यह दिन हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि समाज में वृद्धजनों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है और हमें उन्हें किस प्रकार सम्मान और सहायता प्रदान करनी चाहिए। कलेक्टर श्री एस जयवर्धन ने कार्यक्रम को संबोधन करते हुए कहा कि वृद्ध जन हमारे समाज के अनमोल खजाने हैं। उनके पास ज्ञान, अनुभव और संस्कारों का भंडार होता है। वे अपने परिवारों और समाज में अनगिनत कहानियों, परंपराओं और मूल्यों को संजोए रखते हैं। उनका योगदान न केवल व्यक्तिगत स्तर पर, बल्कि सामुदायिक और राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण है। आज के आधुनिक युग में वृद्ध जन अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। आर्थिक सुरक्षा की कमी, स्वास्थ्य समस्याएँ और सामाजिक अलगाव जैसी स्थितियाँ आम हैं। कई वृद्ध जन अकेले रह रहे हैं, जिसके कारण वे मानसिक और भावनात्मक संकट का सामना कर रहे हैं। 
      इस दिन के महत्व को समझते हुए, यह आवश्यक है कि हम सभी मिलकर वृद्धजनों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाएँ। हमें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और उनके कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए। परिवारों में बुजुर्गों को सम्मान और प्यार देना बेहद महत्वपूर्ण है। 
      इस अवसर पर उपस्थित सभी वृद्धजनों का सम्मान करते हुए सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा पुरुष वृद्धजनों को गमछा व श्रीफल एवं महिला वृद्धजनों को साड़ी व श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही सभी वृद्धजनों को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दिया गया। इस कार्यक्रम में जिला परियोजना निदेशक श्री हेमंत ठाकुर, जनपद पंचायत मोहला सीईओ श्रमति केशवरी देवांगन, सरपंच गोटाटोला श्री लखन कलामें, जनप्रतिनिधि श्री देव प्रसाद, जनपद पंचायत मोहला के अधिकारी-कर्मचारी सहित सम्मानिय वृद्धजन उपस्थित थे।

*-कलेक्टर श्री एस जयवर्धन ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर दिलाई शपथ*

कलेक्टर श्री एस जयवर्धन ने कलेक्टोरेट सभा कक्ष में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर अधिकारियों और कर्मचारियों को वृद्धजनों के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के प्रति शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे वृद्धजनों के सम्मान और कल्याण के लिए कार्य करेंगे और उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।