सभी वर्गों के सहयोग से जिले में चलाया जाएगा सघन वृक्षारोपण अभियान
आर के देवांगन

सभी वर्गों के सहयोग से जिले में चलाया जाएगा सघन वृक्षारोपण अभियान
कलेक्टर ने बैठक लेकर जिले को हराभरा बनाकर पर्यावरण सुरक्षा में अपनी बहुमुल्य भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु सहयोग करने की अपील की
बालोद: बालोद जिला प्रशासन द्वारा बालोद जिले में सभी वर्गों के सहयोग से सघन वृक्षारोपण अभियान चलाकर, रोपे गए पौधों के सुरक्षा के समुचित उपाय सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना बनाकर उसका सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला प्रशासन के आला अधिकारियों एवं जिले के गणमान्य नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं गैर सरकारी संस्थाओं सहित समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों की बैठक लेकर इस कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न करने हेतु आवश्यक सुझाव लिया। उन्होंने बैठक में उपस्थित समाज के सभी वर्गों के लोगों से बालोद जिले में सघन वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत जिले को हराभरा बनाकर, पर्यावरण सुरक्षा में अपनी बहुमुल्य भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु इस कार्य में पूरे मनोयोग से सहयोग करने की अपील की। बैठक में पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम, पर्यावरण प्रेमी डाॅ. पद्म जैन, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री नूतन कंवर सहित जिले के सभी राजस्व अधिकारियों के अलावा डाॅ. प्रदीप जैन तथा विभिन्न स्वयंसेवी एवं गैर सरकारी संस्थाओं और पर्यावरण प्रेमीजन उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने वृक्षारोपण के महत्व एवं उद्देश्यों के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान में तेजी से घटते भूजल स्तर एवं पर्यावरण प्रदुषण को देखते हुए, इसकी भरपाई करने हेतु सामाजिक सहभागिता से अधिक से अधिक पौधरोपण किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस कार्य को सामाजिक सहभागिता से ही पूरी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी गांवों में सघन पौधरोपण कर रोपे गए पौधों के सुरक्षा के समुचित उपाय सुनिश्चित किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि इसके लिए सर्वप्रथम स्कूल परिसरों एवं तालाब के किनारे पौधरोपण हेतु स्थान का चयन किया गया है। इसके अलावा जिले के सभी शासकीय कार्यालय परिसरों एवं अन्य जरूरी स्थानों पर भी अधिक से अधिक पौधरोपण कर उसके सुरक्षा के लिए उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे। कलेक्टर ने इस कार्य को नीचले स्तर पर सफलतापूर्वक सम्पन्न करने हेतु ब्लाॅक स्तरीय टीम गठित करने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ब्लाॅक स्तरीय समिति में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के अलावा, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी एवं विकासखण्ड स्तरीय अन्य अधिकारी शामिल होंगे। श्रीमती मिश्रा ने इस कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न करने हेतु इस कार्य में स्वप्रेरित होकर कार्य करने वाले लोगों की चयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्थान के अनुरूप पौधों का चयन कर उसका रोपण करने की आवश्यकता बताई। इसके अंतर्गत उन्होंने खेतों में कहवे की पेड़ तथा समुचित पानी वाले स्थानों में जामुन आदि पेड़ तथा कम पानी वाले स्थानों में नीम आदि पौधों की रोपण सुनिश्चित करने को कहा। श्रीमती मिश्रा ने जिले के नगरीय क्षेत्रों में सघन वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने हेतु कार्ययोजना बनाकर उनके समुचित क्रियान्वयन पर जोर दिया। बैठक में पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम, पर्यावरण प्रेमी डाॅ. पद्म जैन, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, डाॅ. प्रदीप जैन सहित उपस्थित गणमान्य जनों ने वृक्षारोपण अभियान के संबंध में आवश्यक सुझाव देते हुए पूरे मनोयोग से इस कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आश्वासन भी दिया।
ये लिंक भी देखे