*मोहला ब्लॉक के अंतर्गत शेरपार में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस, जिला पंचायत अध्यक्ष ने दिलाई शपथ*
*ग्राम शेरपार में अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर बच्चों को किया जागरूक, विवाह रोकने हेतु ली गई शपथ*
*बाल विवाह मुक्त समाज निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता अनिवार्य- जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह*
मोहला //27 नवंबर 2026//
मोहला ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम शेरपार में अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह शामिल हुईं इस दौरान उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उनके उज्ज्वल भविष्य पर पड़ने वाले प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

अपने संबोधन में नम्रता सिंह ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके स्वतंत्र रूप से जीवन के निर्णय लेने के अधिकार को प्रभावित करने वाली गंभीर समस्या है। कम उम्र में विवाह होने से विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा बाधित होती है । उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बच्चों को अपने सपनों को साकार करने, उच्च शिक्षा प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए आवश्यक है कि परिवार, समाज और प्रत्येक नागरिक बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

उन्होंने कहा कि बाल विवाह को रोकने के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। गांवों में जनजागरूकता बढ़ाकर, बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी देकर और अभिभावकों को शिक्षित करके इस सामाजिक बुराई को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने आसपास बाल विवाह जैसी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों तक सूचना पहुंचाने में सहयोग करें।

नम्रता सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार महिला सशक्तिकरण, बाल अधिकारों की रक्षा, बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जागरूकता अभियानों का उद्देश्य बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों को सफल बनाने के लिए समाज की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह को रोकने, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, ग्रामीणों एवं बच्चों ने सामूहिक रूप से शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे न स्वयं बाल विवाह करेंगे और न ही अपने परिवार अथवा समाज में किसी को बाल विवाह करने देंगे। साथ ही अपने गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में इस विषय को लेकर जागरूकता फैलाएंगे।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत शेरपार की सरपंच जया मंडावी, हायर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्य निर्मला ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य लखन कलामें, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष संगीता मिश्रा, महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक अधिकारी विजय लक्ष्मी शर्मा, परिवीक्षा अधिकारी सुश्री ज्योति टांडे, चाइल्ड लाइन मोहला के परामर्शदाता गोविंद, गजाधर यादव, सुखीत राम, शंकर साहू सहित समस्त ग्रामवासी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश यही रहा कि बच्चों का बचपन सुरक्षित रखना, उन्हें शिक्षा से जोड़ना और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति से मुक्त समाज का निर्माण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस दिशा में जागरूक होकर आगे आएगा, तभी बाल विवाह मुक्त भारत का सपना साकार हो सकेगा।