*हाई स्कूल औंधी के व्यावसायिक शिक्षा के छात्रों ने व्यावसायिक परिसर में भ्रमण कर इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर उपकरणों से हुए रूबरू*

*हाई स्कूल औंधी के व्यावसायिक शिक्षा के छात्रों ने व्यावसायिक परिसर में भ्रमण कर इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर उपकरणों से हुए रूबरू*

डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, औंधी के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं हार्डवेयर के विद्यार्थियों ने किया औद्योगिक भ्रमण, उपकरणों की कार्यप्रणाली और सुरक्षा सावधानियों की ली जानकारी

औंधी//26 नवंबर 2026//

डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, औंधी के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं हार्डवेयर विषय के 60 विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत प्रवीण इलेक्ट्रॉनिक्स, औंधी का औद्योगिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों, उनकी कार्यप्रणाली तथा व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराना था।

औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में उपलब्ध विभिन्न प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों एवं सामग्रियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को बताया गया कि विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण किस प्रकार कार्य करते हैं, उनका उपयोग किन कार्यों में किया जाता है तथा उनकी तकनीकी विशेषताएं क्या होती हैं। इसके साथ ही उपकरणों के रखरखाव एवं सही उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग करते समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया गया। उन्हें विद्युत उपकरणों को सुरक्षित तरीके से संभालने, बिजली से संबंधित कार्य करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा उपकरणों के उपयोग में लापरवाही न बरतने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न उपकरणों के संबंध में अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त कीं तथा उनके कार्य करने के तरीके को समझने का प्रयास किया।

इस औद्योगिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों में समझने का अवसर मिला। व्यावसायिक शिक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें रोजगारपरक एवं तकनीकी कौशल से भी परिचित कराना है। इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों में तकनीकी समझ विकसित करने, कार्य के प्रति रुचि बढ़ाने तथा भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय की व्यावसायिक प्रशिक्षक (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं हार्डवेयर) दिव्या साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण से विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली को नजदीक से देखने और समझने का अवसर प्राप्त हुआ। भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा। प्रवीण इलेक्ट्रॉनिक्स, औंधी में औद्योगिक भ्रमण के दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स एवं हार्डवेयर के विद्यार्थियों को विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कार्यप्रणाली एवं सुरक्षा सावधानियों की जानकारी देते हुए।उक्त जानकारी नरेश मोटघरे के द्वारा दी गई|