*जिला कलेक्टर ने मोहला नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थान का किया निरीक्षण, खेल एवं योग पर विशेष ध्यान*
*जिम, विभिन्न खेल एवं अन्य सुविधाओं के विकास के लिए आवश्यक अधोसंरचना का किया अवलोकन*
मोहला,
जिले में खेल एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर तनुजा सलाम ने जिला मुख्यालय मोहला के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर आवश्यक अधोसंरचना का निरीक्षण किया। उन्होंने जिम, खेल गतिविधियों, बैडमिंटन कोर्ट सहित अन्य सुविधाओं के विस्तार एवं विकास की संभावनाओं का अवलोकन किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत कार्यों के लिए प्राक्कलन तैयार करने तथा सुविधाओं को बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम मोहला हेमेन्द्र भूआर्य, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग रितु खरे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर सलाम ने सर्वप्रथम भोजटोला रोड स्थित वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय एवं गोदाम का अवलोकन किया। यहां उन्होंने जिम के लिए उपलब्ध स्थान एवं भवन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत एवं अन्य जरूरी कार्यों के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि उक्त स्थान को जिम हेतु व्यवस्थित एवं उपयोगी स्वरूप प्रदान कर नागरिकों को व्यायाम की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। कलेक्टर ने परिसर के समीप स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण की संभावनाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने तालाब परिसर को व्यवस्थित रूप से विकसित करने तथा वॉकिंग के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने की दिशा में आवश्यक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात कलेक्टर सलाम ने दशहरा मैदान स्थित सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं एवं खेल गतिविधियों के लिए इसके उपयोग की संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को भवन की आवश्यक मरम्मत के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि सामुदायिक भवन को बहुउपयोगी स्वरूप प्रदान करते हुए विभिन्न खेल एवं अन्य गतिविधियों के आयोजन के लिए उपयोग में लाया जा सके। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी चर्चा कर क्षेत्र में खेल गतिविधियों के संचालन एवं आवश्यक सुविधाओं के संबंध में सुझाव प्राप्त किए।

कलेक्टर ने वन-धन केंद्र का भी अवलोकन किया। यहां उन्होंने बैडमिंटन कोर्ट हेतु निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ ही खिलाड़ियों की सुविधा के लिए वॉशरूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उल्लेखनीय है

कि जिले में नागरिकों, विशेषकर युवाओं को खेल एवं व्यायाम के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खेल अधोसंरचना के विकास से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।