*राष्ट्रीय खेल दिवस पर मानपुर/अं चौकी महाविद्यालय में खेलो इंडिया के तहत किया गया संवाद*

*राष्ट्रीय खेल दिवस पर मानपुर/अं चौकी महाविद्यालय में खेलो इंडिया के तहत किया गया संवाद*

*खेलो इंडिया संवाद : खेल की बात पीएम के साथ का सफल आयोजन*

*विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली के लिए किया गया प्रेरित*

          मोहला, 

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा ‘माई भारत’ के संयुक्त तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद : खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन लाल श्याम शाह महाविद्यालय, मानपुर एवं शासकीय लाल चक्रधर महाविद्यालय, अंबागढ़ चौकी में किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर तनुजा सलाम के निर्देशानुसार तथा अपर कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में किया गया।

           कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राओं का ‘माई भारत पोर्टल’ पर पंजीयन कराया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री के संबोधन के माध्यम से विद्यार्थियों को खेलों के महत्व, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के संबंध में प्रेरणादायी संदेश प्राप्त हुआ।

           कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण जिले के राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके खिलाड़ियों के साथ विद्यार्थियों का संवाद रहा। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपने खेल अनुभव, संघर्ष, अनुशासन, नियमित अभ्यास एवं सफलता की यात्रा के बारे में विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा किए।

           उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी खिलाड़ियों से खेल से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संवाद किया तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए खेलों को शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। वक्ताओं ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवाओं को अपनी रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया।

       

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें खेल के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों एवं अतिथियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वस्थ, अनुशासित एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।