*दिव्यांग जनों को समाज कल्याण विभाग द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष ने दिलाई सहायता*
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में संवेदनशील पहल : जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने दिलाई ट्राईसाइकिल एवं वॉकर
मोहला।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह लगातार जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने दिव्यांगजनों की आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए त्वरित पहल कर उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराए।
विगत दिवस ग्राम मजियापार में नवीन ग्राम पंचायत भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह की मुलाकात ग्राम निवासी निमेष घावड़े से हुई। चर्चा के दौरान उन्होंने बताया कि कमर के नीचे का हिस्सा कार्य नहीं करने के कारण उन्हें चलने-फिरने में अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ता है तथा उन्हें ट्राईसाइकिल की आवश्यकता है। श्रीमती नम्रता सिंह ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों से चर्चा की और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराते हुए उन्हें दिव्यांग ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई। ट्राईसाइकिल मिलने से श्री निमेष घावड़े ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसी प्रकार ग्राम काटेंगाटोला निवासी शुभम कुमार, जो पोलियो से प्रभावित हैं तथा सामान्य रूप से चलने-फिरने में असमर्थ हैं, उन्हें भी समाज कल्याण विभाग के माध्यम से वॉकर प्रदान किया गया। वॉकर मिलने से उनके दैनिक जीवन की गतिविधियों में काफी सुविधा होगी और वे अधिक आत्मविश्वास के साथ अपने कार्य कर सकेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने कहा कि किसी भी दिव्यांगजन को केवल संसाधनों के अभाव में कठिन जीवन जीने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सम्मान, समान अवसर और आत्मनिर्भरता प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा दिव्यांगजन सशक्तिकरण, सुगम्य भारत अभियान तथा एडिप (ADIP) योजना जैसी जनकल्याणकारी पहलों के माध्यम से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार भी समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाने तथा संवेदनशील एवं समावेशी समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नम्रता सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी प्राथमिकता है कि क्षेत्र का कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने समाज कल्याण विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण एवं योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री अनिल गुप्ता, समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक अखिलेश तिवारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव तथा मंडल महामंत्री मनोज नेताम उपस्थित रहे। सभी ने दिव्यांग हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र लोगों तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
नम्रता सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनेंगे, उनका जीवन स्तर बेहतर होगा तथा वे सम्मानपूर्वक समाज की मुख्यधारा में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे। अंत में उन्होंने कहा कि जनसेवा ही उनका सर्वोच्च दायित्व है और क्षेत्र के प्रत्येक जरूरतमंद नागरिक तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाने का उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।