*विश्व साइकिल दिवस पर जिला मुख्यालय मोहला में निकाली गई साइकिल रैली*
*भारत सरकार योजना अंतर्गत मोहला मानपुर अम्बागढ़ चौकी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय. पी. सिंह(भा.पु.से.) के निर्देशन मे फिट इंडिया मूवमेंट के तहत जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग*

*साइकिल रैली निकालकर आमजन को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति किया जागरूक*
मोहला- 07/जून/2026
भारत सरकार द्वारा वर्ष 2019 में माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रारंभ किए गए Fit India Movement के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं फिटनेस को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत प्रारंभ की गई Fit India Cycling Drive आज एक राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन के रूप में विकसित होकर *"Sunday On Cycle"* अभियान के रूप में संचालित की जा रही है। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर 07 जून 2026 (रविवार) को जिला मोहला मानपुर अम्बागढ़ चौकी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में आज प्रातः जिले में “Sunday on Cycle” कार्यक्रम के अंतर्गत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से किया गया। इस अवसर पर श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय. पी. सिंह (भा.पु.से.),अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे एवं डिप्टी कलेक्टर श्री डी.आर. ध्रुव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पीताम्बर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री देवचरण पटेल, कार्यालय उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पवार, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री ताजेश्वर दीवान, रक्षित निरीक्षक श्री भुवनेश्वर कश्यप, थाना प्रभारी मोहला निरीक्षक श्री संदीप टोप्पो, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में शामिल सभी अधिकारी एवं कर्मचारी प्रातः 07:30 बजे खाकी वर्दी एवं साइकिल के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उपस्थित हुए। इसके पश्चात साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली निर्धारित मार्गों से होते हुए नगर क्षेत्र में संचालित की गई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुंचाया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा साइकिल चलाने के स्वास्थ्य संबंधी लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बताया गया कि नियमित रूप से साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ एवं फिट रहता है, हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा कम होता है, मानसिक तनाव में कमी आती है तथा व्यक्ति की कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। साथ ही साइकिल एक पर्यावरण हितैषी परिवहन साधन है, जो प्रदूषण नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

अधिकारियों ने वर्तमान समय में पेट्रोल एवं डीजल की बढ़ती खपत, ईंधन संसाधनों पर बढ़ते दबाव तथा पर्यावरणीय चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि साइकिल का अधिक से अधिक उपयोग किया जाना चाहिए। साइकिल न केवल ईंधन की बचत करती है, बल्कि यह आर्थिक रूप से भी लाभकारी है। छोटी दूरी की यात्राओं के लिए साइकिल का उपयोग कर हम प्रदूषण को कम करने के साथ-साथ ऊर्जा संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान नागरिकों एवं युवाओं से अपील की गई कि वे अपने दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा दें तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत के इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
“Sunday on Cycle” कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत एवं जन-जागरूकता का सकारात्मक संदेश समाज तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया गया।