*डिप्टी सीएम विजय शर्मा रहे जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के दौरे पर*
*अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की पहली प्राथमिकता -उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा*
*उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री शर्मा भनसुला में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में हुए शामिल*
मोहला, 28 मई 2026
सुशासन तिहार 2026 के तहत आज मोहला मानपुर अम्बागढ़ चौकी जिले के जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी के ग्राम पंचायत भनसुला में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री द्वारा जिले की महिला स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का “मोहला ब्रांड” के रूप में शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन और प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और सरलता के साथ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और किसी भी समस्या या आवश्यकता को प्रशासन तक सीधे पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो तथा जनता को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि आज राज्य नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग संवेदनशीलता के साथ ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखें।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भोजेश शाह मांडवी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री पुनाऊ राम फुलकावरे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति बाई त्रिपुरे, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, जनप्रतिनिधि श्री दिलीप वर्मा, श्री मदन साहू, श्री अनिल गुप्ता, श्री नेहरू रजक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंचगण, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
*- हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से किया गया लाभान्वित*

ग्राम पंचायत भनसुला क्लस्टर के अंतर्गत गोर्राटोला, आतरगांव, पांगरी, बुटाकसा, केसला, छछानपाहरी, बहोरनभेड़ी, दाउटोला, आटरा, थुहाडबरी, हितागुटा, ब्राम्हणभेड़ी, सांगली, मचांदुर एवं कोटरा सहित कुल 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शिविर में शामिल हुए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आमजनों की समस्याएं सुनी गईं तथा कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सुशासन तिहार जैसे आयोजन गांव स्तर पर लोगों को सीधे लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
*- स्व-सहायता समूहों की आत्मनिर्भरता के प्रयासों की सराहना*

शिविर में महिला स्व सहायता समूहों द्वारा निर्मित रागी का लड्डू, महुआ का अचार, रागी का आटा, मिलेट्स कुकीज, वर्मी कम्पोस्ट खाद एवं अगरबत्ती जैसे स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने समूह की महिलाओं से उत्पाद निर्माण की प्रक्रिया, विपणन व्यवस्था तथा होने वाले लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिलाओं की आत्मनिर्भरता के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर तैयार किए जा रहे उत्पाद जिले की पहचान बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्पाद न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त भी बनाएंगे।
उन्होंने क्लस्टर स्तर पर ऑर्गेनिक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए तथा कहा कि जिले के प्राकृतिक एवं सामान्य संसाधनों का बेहतर उपयोग कर गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री एवं अन्य उत्पाद तैयार किए जाएं। उन्होंने “मोहला ब्रांड” को आगे बढ़ाने के लिए महिला समूहों को निरंतर प्रशिक्षण, पैकेजिंग और बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।