*TI कपिल देव चंद्र का हुआ स्थानांतरण, जिला मुख्यालय मोहला के नए TI होंगे संदीप टोप्पो*

*TI कपिल देव चंद्र का हुआ स्थानांतरण, जिला मुख्यालय मोहला के नए TI होंगे संदीप टोप्पो*

थाना प्रभारी मोहला कपिल देव चंद्र का हुआ स्थानांतरण क्षेत्रवासी हुए भावुक

 मोहला, 17 मई 2026

लंबे समय से थाना मोहला में पदस्थ रहे थाना प्रभारी कपिल देव चन्द्रा के मानपुर थाना स्थानांतरण होने पर नगर में भावुक और गरिमामयी विदाई समारोह का आयोजन थाना परिसर में किया गया। इस अवसर पर आदिवासी समाज, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों, स्थानीय पत्रकारों तथा गणमान्य नागरिकों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। पूरे कार्यक्रम में आत्मीयता, सम्मान और अपनापन साफ तौर पर देखने को मिला। विदाई समारोह में उपस्थित लोगों ने थाना प्रभारी कपिल देव चन्द्रा के कार्यकाल की जमकर सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने मोहला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने और पुलिस एवं जनता के बीच भरोसेमंद रिश्ता कायम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सरल स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और संवेदनशील व्यवहार ने नगरवासियों के दिलों में विशेष जगह बनाई।

कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया तथा मानपुर थाना में नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं। साथ ही नए थाना प्रभारी संदीप टोप्पो का सम्मान कर नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं दी गई। लोगों ने कहा कि कपिल देव चन्द्रा जैसे अधिकारी कम ही देखने को मिलते हैं, जिन्होंने पुलिस की छवि को जनता के बीच सकारात्मक रूप में स्थापित किया। कपिल देव चंद्रा अक्टूबर 2022 से मई 2026 तक निरंतर मोहला में सेवा देते रहे हैं - 

जनता के बीच चर्चा में रहे कपिल देव चन्द्रा के कार्य

थाना प्रभारी कपिल देव चन्द्रा अपने अलग कार्यशैली और सक्रिय पुलिसिंग के कारण हमेशा चर्चा में रहे। नगरवासियों के अनुसार वे रोजाना मोहला नगर में पैदल भ्रमण पर निकलते थे और कानून-व्यवस्था की स्थिति का खुद जायजा लेते थे। उनके भ्रमण के दौरान वाहन चालक सतर्क हो जाते थे। बाइक और कार चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने वाले लोग उन्हें देखते ही मोबाइल अंदर रख लेते थे। चुकी ऐसी गलती करने वाले को थाना प्रभारी चंद्रा का जोरदार कड़क अंदाज में डांट का सामना करना पड़ता था।

इतना ही नहीं, ट्रिपल सीट वाहन चलाने वाले भी दूर से थाना प्रभारी को देखकर यू-टर्न मार लेते थे। लोगों का कहना है कि उनकी मौजूदगी ही अनुशासन का संदेश देती थी। रात में भी फिजूली चौंक चौराहों पर बैठने वालों में भी थाना प्रभारी का डर देखा जा सकता था , थाना प्रभारी अपनी प्राइवेट इलेक्ट्रिकल व्हीकल (ईवी कार) लेकर अकेले पेट्रोलिंग (किसी भी समय गस्त)करने निकलते थे, जो उनकी कार्य का प्रमुख अंग भी माना जाता है। 

*चोरियों पर लगाया विराम*

नगरवासियों ने बताया कि एक समय मोहला क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल था। लेकिन कपिल देव चन्द्रा के कार्यकाल में पुलिस की सक्रियता और सतत निगरानी के चलते चोरी की घटनाओं पर लगाम लगी और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बना।

*विरोध प्रदर्शन भी रहे शांतिपूर्ण*

जिला मुख्यालय मोहला में होने वाली तमाम प्रकार की रैलियां जो की भिन्न-भिन्न सामाजिक राजनीतिक एवं आम नागरिकों द्वारा आयोजित की जाती रही है जो कि लगभग 150 से भी अधिक रैलियों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान भी उनकी कार्यशैली की सराहना होती रही। लोगों का कहना है कि थाना प्रभारी कपिल देव चन्द्रा की समझाइश और शांत व्यवहार के कारण प्रदर्शन उग्र नहीं होते थे और अधिकांश कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होते थे। कई जगह उनकी मौजूदगी मात्र से ही उग्रता शांत हो जाती थी।

*“मोहला की जनता का स्नेह हमेशा याद रहेगा” — कपिल देव चन्द्रा*

अपने सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त करते हुए थाना प्रभारी कपिल देव चन्द्रा ने कहा कि मोहला की जनता से मिला सहयोग, विश्वास और स्नेह उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि मोहला में बिताया गया समय उनके जीवन की महत्वपूर्ण स्मृतियों में हमेशा शामिल रहेगा। उन्होंने आदिवासी समाज, नगरवासियों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस टीम का सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। 

* पूर्व थाना प्रभारी ने पुष्प गुच्छ से स्वागत कर नए थाना प्रभारी को मोहला थाना मुख्यालय की जिम्मेदारी*

थाना प्रभारी कपिल देव चंद्र अपने विदाई कार्यक्रम के दौरान नए थाना प्रभारी से भी लोगों को रूबरू कराते हुए नजर आए बता दें कि नए थाना प्रभारी संदीप टोप्पो कई बार मोहला थाना के प्रभारी अधिकारी भी रह चुके हैं जिन्हें अब पूर्ण रूप से मोहला थाना क्षेत्र का प्रभार दिया गया है जो की नई थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ हुए हैं। जिनका सर्वप्रथम स्वागतगत पूर्व थाना प्रभारी कपिल देव चन्द्र के द्वारा पुष्प गुच्छ के साथ किया गया है।