*कलेक्टर तनुजा सलाम ने दौरान कर निर्माणाधीन कार्यों का लिया जायजा PWD विभाग को दिए गए निर्देश*
*अधोसंरचना विकास कार्यों में तेजी लाने कलेक्टर श्रीमती सलाम ने दिए निर्देश, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी*
*कलेक्टर तनुजा सलाम ने ट्रांजिट हॉस्टल, ऑडिटोरियम, आईटीआई भवन, कलेक्ट्रेट एवं जिला पंचायत भवन सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण*
मोहला, 14 अक्टूबर 2026।
कलेक्टर तनुजा सलाम ने आज जिला मुख्यालय मोहला एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित विभिन्न अधोसंरचना विकास कार्यों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा एवं वर्तमान प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम मोहला शुभांगी गुप्ता सहित आरईएस एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सलाम ने कर्मचारियों के लिए निर्माणाधीन ट्रांजिट हॉस्टल का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए आगामी माह तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों के बेहतर संचालन तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ऐसे निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करना जरूरी है। इसके पश्चात कलेक्टर श्रीमती सलाम वन धन केंद्र के समीप स्थित निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण करने पहुंचीं। अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मौके पर उन्होंने लाइब्रेरी का भी अवलोकन किया तथा नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसके पहुंच मार्ग को बजट में शामिल करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

कलेक्टर सलाम ने चिलमटोला में निर्माणाधीन आईटीआई भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन निर्माण की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जताई एवं संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। ऐसे में निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट कार्यालय एवं जिला पंचायत भवन का भी अवलोकन किया। उन्होंने भवन निर्माण की वर्तमान स्थिति, बाउंड्रीवाल, पार्किंग सहित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय भवनों का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए, ताकि भविष्य में इनका बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा कलेक्टर सलाम ने निर्माणाधीन रेस्ट हाउस का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। यहां निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने शेष कार्यों को भी तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य में आवश्यकतानुसार मजदूरों की संख्या बढ़ाकर आगामी एक माह में निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए कहा।

कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।