*जिला पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में क्षेत्रीय विधायक इंद्र शाह मांडवी का किया गया पुतला दहन*
*भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेसी विधायक इंद्रशाह मंडावी का पुतला दहन कर जताया विरोध*
मोहला
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष संगीता मिश्रा के नेतृत्व में मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी जिले में भारतीय जनता पार्टी के डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा महिलाओं की संगठनात्मक भागीदारी बढ़ाने पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के उपरांत महिला मोर्चा द्वारा कांग्रेस विधायक इंद्रशाह मंडावी द्वारा महिलाओं एवं जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति की गई कथित अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया गया। महिला मोर्चा ने कहा कि किसी भी महिला, जनप्रतिनिधि अथवा प्रशासनिक अधिकारी के सम्मान के साथ खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
महिला मोर्चा ने कहा कि विगत दिनों विधायक इंद्रशाह मंडावी द्वारा जिले की कलेक्टर, जिला पंचायत अध्यक्ष, सहित महिलाओं के प्रति जिस प्रकार की आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि से मर्यादित भाषा एवं शालीन आचरण की अपेक्षा की जाती है, किंतु कांग्रेस विधायक का बयान महिलाओं के प्रति कांग्रेस की वास्तविक मानसिकता को उजागर करता है।
महिला मोर्चा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर दोहरी राजनीति की है। महिलाओं के हितों की बात करने वाली कांग्रेस के नेताओं के बयान बार-बार महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। महिला विरोधी सोच और गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी कांग्रेस की कार्यशैली का हिस्सा बन चुकी है, जिसे प्रदेश की माताएं-बहनें कभी स्वीकार नहीं करेंगी।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महिलाओं को समाज, राजनीति और विकास की मुख्यधारा में अग्रणी भूमिका देने का कार्य भाजपा ने किया है। महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध किसी भी प्रकार की टिप्पणी का भाजपा महिला मोर्चा सदैव लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करता रहेगा।

महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती संगीता मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस विधायक इंद्रशाह मंडावी को अपने अमर्यादित एवं अशोभनीय बयान के लिए सार्वजनिक रूप से प्रदेश की माताओं-बहनों, जिले की कलेक्टर, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सहित समस्त महिलाओं से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं का अपमान किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा यदि भविष्य में भी इस प्रकार की घटनाएं दोहराई गईं तो भाजपा महिला मोर्चा पूरे जिले में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा दुर्ग संभाग प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री आदरणीया श्रीमती शीतल नायक जी, कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती विद्या पाण्डेय जी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह जी विशेष रूप से उपस्थित रहीं उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन की मजबूती, डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग तथा महिला सशक्तिकरण के विषय में विस्तृत विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव आदरणीय श्री संजीव शाह जी,भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा,जिला महामंत्री नरसिंह भंडारी कमलेश सारस्वत, सह प्रभारी सत्यभामा सलामे पुलकित खंडेलवाल, मोनू वर्मा, गेंद कुंवर ठाकुर, शांति त्रिपुरे, सुरेखा मंडावी, वीर नारायण सिंह, राजू तिवारी, राजू गुजराती, रज्जु खान, गोपाल कौशिक, निर्मला वर्मा, ईश्वरी, गोदावरी साहू, किरण मंडावी, भारतीय माहौर, लक्ष्मी ढोक, सुषमा विश्वास सहित महिला मोर्चा की सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
साथ ही जिला पदाधिकारीगण, मंडल कार्यकारिणी, वरिष्ठ पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक-सहसंयोजक, समस्त बूथ मित्र एवं कमल सखियों की शत-प्रतिशत सहभागिता रही। सभी कार्यकर्ताओं ने महिला सम्मान की रक्षा तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया तथा भाजपा की रीति-नीति एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक घर तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।