*12 जूलाई को होगी उप निरीक्षक, प्लाटून कमांडर, सूबेदार भर्ती परीक्षा*
*ड्रेस कोड सख्त, मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध, नियम उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई*
मोहला 10 जुलाई 2026।
छत्तीसगढ़ में सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग, प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा 2024 को लेकर जिले में व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा यह परीक्षा 12 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण अवश्य कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा, जिससे फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
ड्रेस कोड के तहत अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। गहरे रंग जैसे काला, गहरा नीला, हरा, जामुनी, मैरून या चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए पहले पहुंचने को कहा गया है। इसके अलावा, चप्पल पहनकर आने, कान में किसी भी प्रकार के आभूषण न पहनने तथा परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी आदि लाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अनुचित साधनों के उपयोग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अभ्यर्थिता निरस्त कर दी जाएगी। परीक्षार्थियों को केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन ही साथ लाने की अनुमति होगी।